सक्ती

चक्का जाम कर शासकीय कार्य में बाधा डालकर लाठी, डंडा, पत्थर से मारकर हत्या का प्रयास करने वाले आरोपियों को भेजा गया जेल

चक्का जाम कर शासकीय कार्य में बाधा डालकर लाठी, डंडा, पत्थर से मारकर हत्या का प्रयास करने वाले आरोपियों को भेजा गया जेल kshititech

सक्ती – सक्ती जिले में 15 अप्रैल को 9 वर्षीय बच्ची की सड़क हादसे में मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद शुरू हुआ चक्काजाम देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर लाठी, डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला फगुरम चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल को ग्राम फगुरम मेन रोड पर हुंडई क्रेटा कार (क्रमांक CG 11 BD 8433) के चालक द्वारा तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए 9 वर्षीय रिद्धिमा निराला को टक्कर मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतिका के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए और मेन रोड पर चक्काजाम कर दिया।
सूचना मिलने पर चौकी फगुरम पुलिस के साथ अन्य जिलों से आए अतिरिक्त पुलिस बल, तहसीलदार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोशित भीड़ ने किसी की बात नहीं मानी और स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई।
इसी दौरान भीड़ ने अश्लील गाली-गलौच करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली और पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से लाठी, डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में 13वीं बटालियन मड़वारानी कोरबा के आरक्षक राजेश कुजुर के सिर में गंभीर चोट आई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों और अन्य लोगों के खिलाफ अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 191(2), 191(3), 190, 296, 351(3), 132, 224, 121(2) और 109 के तहत केस दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए त्वरित कार्रवाई शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी डभरा सुमीत गुप्ता और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सुनील बंजारे निवासी सारसकेला, संतोष जोशी, रविकृपा जोशी उर्फ रविकुमार जोशी, सुकलाल डनसेना निवासी फगुरम और देवानंद पटेल निवासी छोटे मुड़पार, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में फरार अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।