अवैध शराब के विरुद्ध बाराद्वार पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई 9 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त, आरोपी गिरफ्तार

सक्ती – जिला सक्ती के बाराद्वार थाना क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं गांजा बिक्री-परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव के नेतृत्व मंे 22 अक्टूबर को ग्राम करारी गुड़ेराडीह में दबिश दी गई। मुखबिर की सूचना पर की गई इस रेड कार्रवाई के दौरान आरोपी रूपनारायण गोंड पिता साधन सिंह गोंड (उम्र 50 वर्ष), निवासी गुड़ेराडीह थाना बाराद्वार के कब्जे से 9 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 900 रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 265/25, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में प्रआर मनीष राजपूत, आर. योगेश राठौर सहित बाराद्वार थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा । निरीक्षक नरेंद्र यादव ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत थाना बाराद्वार को दें, ताकि समाज में कानून व्यवस्था एवं शांति बनी रहे।


