सक्ती

युक्तियुक्तकरण के तहत भद्रीपाली स्कूल के बच्चों की पढ़ाई में लौट रही नई ऊर्जा

युक्तियुक्तकरण के तहत भद्रीपाली स्कूल के बच्चों की पढ़ाई में लौट रही नई ऊर्जा kshititech

सक्ती – युक्तियुक्तकरण के तहत सक्ती ब्लॉक के ग्राम भद्रीपाली स्थित शासकीय प्राथमिक शाला भद्रीपाली में अब शिक्षा की नई किरण पहुंच रही है और बच्चों की पढ़ाई में एक नई ऊर्जा संचारित हो रही है। वर्षों से एकल शिक्षकीय शाला के रूप में संचालित इस विद्यालय में युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के तहत शिक्षिका  संजू भारद्वाज की नियुक्ति की गई है। शासकीय प्राथमिक शाला भद्रीपाली के प्रधानपाठक  रूपेश कुमार साहू ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में कुल 32 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। पहले यह विद्यालय लंबे समय से एकल शिक्षक द्वारा संचालित किया जा रहा था। कुछ समय तक वैकल्पिक शिक्षक की मदद से कक्षाएं संचालित की जा रही थी, लेकिन नियमित शिक्षक की कमी के कारण बच्चों को अपेक्षित शिक्षा नहीं मिल पा रही थी। अब शिक्षिका  संजू भारद्वाज की नियुक्ति के बाद बच्चों में पढ़ाई को लेकर नया उत्साह देखा जा रहा है। वे समय पर विद्यालय आने लगे हैं और मन लगाकर अध्ययन कर रहे हैं। शिक्षिका  भारद्वाज न सिर्फ नियमित रूप से कक्षाएं ले रही हैं, बल्कि बच्चों को नैतिक मूल्यों और अनुशासन की शिक्षा भी दे रही हैं। युक्तियुक्तकरण की इस पहल ने भद्रीपाली के छोटे से विद्यालय में शिक्षा की रौशनी फिर से जगा दी है, जिससे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होने की नई राह खुली है।