सक्ती

गोवर्धन प्योर काउड घी के संबंधित बैच की बिक्री एवं वितरण पर तत्काल प्रभाव से रोक

खाद्य नमूने की जांच में निर्धारित सीमा से 2.6 गुना अधिक मिली लेड की मात्रा, संबंधित बैच का रिकॉल कर वितरित स्टॉक वापस लेने के निर्देश

गोवर्धन प्योर काउड घी के संबंधित बैच की बिक्री एवं वितरण पर तत्काल प्रभाव से रोक kshititech

सक्ती – राज्य में आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा आम लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला बिलासपुर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा गोवर्धन प्योर काउड घी बैच क्रमांक बी.नंबर.- BGHE26C29B, पैकिंग साइज 200 एमएल, पैकिंग तिथि डीओएम- 29.03.2026 एवं अवसान तिथि डीओई- 28.03.2027 का विधिवत नमूना लिया गया था। जांच प्रतिवेदन में लेड की मात्रा 0.052 पीपीएम पाई गई है, जो इस हैवी मेटल के लिए निर्धारित सीमा (टॉलरेंस लिमिट – 0.02 पीपीएम) से 2.6 गुना अधिक है। इसके आधार पर खाद्य विश्लेषक द्वारा उक्त उत्पाद को असुरक्षित घोषित किया गया है।
    खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला सक्ती द्वारा गोवर्धन प्योर काउड घी के संबंधित बैच की बिक्री एवं वितरण पर सक्ती जिले में तत्काल प्रभाव से रोक लगाने हेतु आदेश जारी किया गया है। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 28 एवं एफएसएस (फूड रिकॉल प्रोड्यूसर) रेगुलेशन, 2017 के प्रावधानों के अनुरूप संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को उक्त प्रभावित बैच का रिकॉल प्रारंभ कराने तथा वितरित स्टॉक को वापस लिए जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
      खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने खाद्य कारोबारियों से नियमों का पालन करने एवं साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है। साथ ही उपभोक्ताओं से खाद्य पदार्थों को ध्यानपूर्वक देखकर तथा पैक्ड सामानों के लेबल को पढ़कर ही खरीदने की अपील की गई है।