सक्ती

सुरक्षित आहार हमारा अधिकार अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए

विभिन्न होटलों एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर विभाग ने जारी किए कारण बताओ सूचना पत्र

सुरक्षित आहार हमारा अधिकार अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए kshititech
सुरक्षित आहार हमारा अधिकार अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए kshititech

सक्ती – खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में ‘सुरक्षित आहार हमारा अधिकार’ अभियान के तहत 15 दिवसीय विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके तहत जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं।

इसी क्रम में उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन श्रीमती पूजा अग्रवाल एवं अभिहित अधिकारी एहसान तिग्गा के दिशा-निर्देशानुसार दिनांक 18 नवम्बर 2026 को श्याम स्वीट्स बीरभाठा चौक मालखरौदा से बूंदी लड्डू का नमूना लिया गया। इसी प्रकार 19 नवम्बर 2026 को साहू होटल बाराद्वार से बेसन लड्डू, मिल्क केक एवं कलाकंद तथा मनप्रीत ढाबा, एन.एच., ग्राम डोंगिया से वेज ग्रेवी का नमूना लिया गया। वहीं 25 नवम्बर 2026 को राजेश होटल खरसिया रोड सक्ती से बूंदी लड्डू तथा यादव होटल ग्राम डड़ाई से पेड़ा एवं रसगुल्ला के नमूने लिए गए। इसके अलावा 26 नवम्बर 2026 को कंचनपुर आंगनबाड़ी केंद्र से चार प्रकार के रेडी-टू-ईट खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों एवं केंद्र को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की निरीक्षण एवं प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रखी जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि पैक्ड खाद्य पदार्थों की खरीदी करते समय उनके पैकेट पर अंकित बैच नंबर, निर्माण तिथि एवं अवसान तिथि की जांच अवश्य करें तथा सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों का ही उपयोग करें।