मामूली विवाद में बेटे ने पिता पर सिलबट्टे के लोढ़े से किया हमला, सिर में आई गंभीर चोट; केस दर्ज

सक्ती – जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पलाड़ीकला में एक कलयुगी बेटे द्वारा अपने ही पिता पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। मामूली बात पर उपजे विवाद में आरोपी बेटे ने गाली-गलौज करते हुए पिता के सिर पर पत्थर (सिल के लोढ़े) से वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। पीड़ित पिता की शिकायत पर बाराद्वार पुलिस ने आरोपी पुत्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पलाड़ीकला निवासी अमोल दास महंत (56 वर्ष), जो चौकीदारी का काम करते हैं, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रार्थी के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को उनकी नतनीन ने घर के शौचालय के बाहर शौच कर दिया था, जिसे उन्होंने साफ किया था। इस बात की जानकारी उनके पुत्र अगरदास महंत (34 वर्ष) को थी।
गाली-गलौज के बाद किया हमला
इसी बात को लेकर शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 की सुबह जब अमोल दास महंत अपने घर के बाहर गली में थे, तब उनका बेटा अगरदास महंत वहां पहुंचा। आरोपी ने “तुम मुझे बोलने वाले कौन होते हो” कहते हुए पिता के साथ मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं और जान से मारने की धमकी दी।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे प्रार्थी के दाहिने हाथ में चोट आई। इसके बाद गुस्से में आकर उसने पास रखे सिल के लोढ़े (पत्थर) से पिता के सिर पर वार कर दिया। इस हमले में अमोल दास का सिर फट गया और खून बहने लगा। मौके पर मौजूद हेमंत दास महंत और केवल दास महंत ने इस घटना को देखा।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद घायल पिता ने बाराद्वार थाने पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पुत्र अगरदास महंत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य या गाली-गलौज) और 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत एफआईआर (FIR नं. 0438/2026) दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना निरीक्षक नरेंद्र यादव द्वारा की जा रही है।
