सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से बनेगा केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र, ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू

डिजिटल सेवाओं के विस्तार से पात्र नागरिकों को घर बैठे आवेदन करने की मिलेगी सुविधा
सक्ती – जिले के नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ आसान एवं सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। अब जिले में केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र (सेंट्रल कास्ट सर्टिफिकेट) सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। इस सुविधा के शुरू होने से पात्र नागरिकों को केंद्रीय स्तर पर आवश्यक जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अधिक सहूलियत मिलेगी। जिला प्रशासन द्वारा डिजिटल सेवाओं के विस्तार और शासकीय प्रक्रियाओं को सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सेवा सेतु पोर्टल पर केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र जारी करने की ऑनलाइन सुविधा प्रारंभ की गई है। अब पात्र आवेदक घर बैठे पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे तथा प्रमाण पत्र जारी होने की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी भी डिजिटल माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे।
