सक्ती

घर के सामने अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा देने वाला युवक गिरफ्तार

सक्ती –   बाराद्वार पुलिस ने अवैध रूप से शराब पिलाने का साधन और सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी शराब और डिस्पोजल गिलास समेत अन्य सामग्री जब्त की है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, गुरुवार 19 नवंबर को थाना बाराद्वार के सहायक उप निरीक्षक (सउनि) यशवंत राठौर अपने हमराह स्टाफ के साथ अपराध पतासाजी के लिए ग्राम डूमरपारा बस्ती बाराद्वार की ओर रवाना हुए थे। इसी दौरान ग्राम बस्ती बाराद्वार के करमहापारा चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली कि बस्ती बाराद्वार निवासी बरातू राम कोसले (पिता स्व. बालमकुंद कोसले, उम्र 24 वर्ष) अपने घर के सामने लोगों को शराब पिलाने का साधन और सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
पुलिस की घेराबंदी और कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड की। पुलिस को आता देख वहां शराब पी रहे लोग मौके से भाग निकले, जबकि शराब पिलाने की सुविधा दे रहा आरोपी बरातू राम कोसले पुलिस की पकड़ में आ गया। पूछताछ में वह शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
जब्ती और गिरफ्तारी
पुलिस ने मौके से एक 180 एमएल वाली शीशी में करीब 80 एमएल देशी प्लेन मदिरा (कीमत 50 रुपये), एक खाली शीशी, दो डिस्पोजल गिलास और दो पानी पाउच जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी (संशोधन) अधिनियम 2002 की धारा 36(C) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले के जमानती होने के कारण गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।