व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल


सक्ती – महिलाओं के विरुद्ध होने वाले साइबर अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए डभरा पुलिस ने व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजकर एक महिला को प्रताड़ित करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना डभरा क्षेत्र की एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात नंबर से उसके व्हाट्सएप पर लगातार अश्लील संदेश भेजे जा रहे हैं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है। पीड़िता की शिकायत पर डभरा पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 443/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 238 एवं आईटी एक्ट की धारा 67 के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी सक्ती श्रीमती भुवनेश्वरी पैकरा के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की तकनीकी मदद से पुलिस ने मोबाइल नंबर की ट्रेसिंग की, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान ग्राम चांटीपाली निवासी कौशल प्रसाद पिता निर्मल प्रसाद साहू (उम्र 37 वर्ष) के रूप में की गई।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी कौशल प्रसाद साहू को हिरासत में लिया और पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद 19 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
