सक्ती पुलिस की कार्रवाई – फेसबुक पर नाबालिग का अश्लील वीडियो अपलोड करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

2022 का मामला: सोशल मीडिया पर नाबालिक बालक का आपत्तिजनक वीडियो अपलोड करने का था आरोप।
साइबर टिपलाइन से प्राप्त शिकायत के आधार पर तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपी की पहचान कर की गई कार्रवाई।
सक्ती- मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि सीसीआईडब्ल्यूसीएस योजना अंतर्गत भारत सरकार, गृह मंत्रालय के एनसीआरबी शाखा, नई दिल्ली द्वारा प्राप्त साइबर टिपलाइन शिकायत में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से महिला एवं बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री अपलोड किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी।
शिकायत में उल्लेखित फेसबुक लॉगिन संबंधी तकनीकी जानकारी, दिनांक 27.10.2022 के लॉगिन समय एवं आईपी एड्रेस के आधार पर साइबर जांच की गई। संबंधित सेवा प्रदाता कंपनी से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर आईपी एड्रेस एवं मोबाइल टावर लोकेशन का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में घटना के समय संबंधित आईपी की लोकेशन ग्राम देवरमाल, तहसील सक्ती, जिला सक्ती (छत्तीसगढ़) के आसपास होना पाया गया।
आगे की विवेचना में फेसबुक पर नाबालिग बालक का अश्लील वीडियो अपलोड किए जाने तथा उक्त गतिविधि से संबंधित मोबाइल के धारक के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान राजेन्द्र कुमार मिरी उर्फ गजालाल मिरी, उम्र 30 वर्ष, निवासी मकान नंबर 143, खैयापारा, ग्राम बड़े देवगांव, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई।
उक्त मामले में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 130/2024, धारा 67(बी) आईटी एक्ट, धारा 201 आईपीसी एवं धारा 15(2) पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
पुलिस अधीक्षक जिला सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला सक्ती पंकज पटेल एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सक्ती डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से विवेचना करते हुए तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपी की पतासाजी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
विवेचना के दौरान आरोपी लगातार फरार रहकर अपना लोकेशन बदल रहा था। पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। अंततः सक्ती पुलिस को सफलता मिली और दिनांक 19.11.2026 को आरोपी राजेन्द्र कुमार मिरी उर्फ गजालाल मिरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
सक्ती पुलिस की अपील
सक्ती पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार की अश्लील, आपत्तिजनक अथवा नाबालिग बच्चों से संबंधित अनुचित सामग्री अपलोड, शेयर या प्रसारित न करें। ऐसा करना गंभीर दंडनीय अपराध है। साइबर अपराध से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा शिकायत तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में दें।
