रॉक गार्डन बोतल्दा में सक्ती क्षेत्र के युवती से सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट: खरसिया पुलिस ने महज 24 घंटे में दोनों आरोपियों को दबोचा

वारदात में प्रयुक्त डंडा, वीडियो बनाने वाला आईफोन और लूटी गई नकदी बरामद
हत्या के प्रयास, लूट और गैंगरेप की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई कर भेजा गया रिमांड पर

सक्ती – जिले के खरसिया थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रॉक गार्डन बोतल्दा में सक्ती थाना क्षेत्र के एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हालांकि, खरसिया पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और रिपोर्ट दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा, वीडियो बनाने वाला आईफोन और लूट की रकम बरामद कर ली है।
ट्रेन लेट होने पर गार्डन घूमने गए थे युवक-युवती
पीड़िता द्वारा थाने में दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को वह अपने एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से सक्ती रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकली थी। ट्रेन लेट होने के कारण समय बिताने के उद्देश्य से दोनों दोपहर में खरसिया के रॉक गार्डन बोतल्दा घूमने चले गए। गार्डन की सीढ़ियां चढ़ते समय पीछे से आए दो अज्ञात युवकों ने उन्हें घेर लिया और डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
लूटपाट के बाद मित्र को किया बेहोश, फिर दिया वारदात को अंजाम
आरोपियों ने पहले युवती के मोबाइल कवर में रखे 1,200 रुपये और उसके मित्र से 10,000 रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद आरोपियों ने डंडे से युवक के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर बेहोश कर दिया। मित्र के बेहोश होने के बाद दोनों आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। कुछ देर बाद जब युवक को होश आया, तो आरोपियों ने दोनों का वीडियो बना लिया और घटना के बारे में किसी को भी बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, क्राइम सीन रीक्रिएट कराया
पीड़िता की रिपोर्ट पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव और थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने बोतल्दा गांव में स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों को चिन्हित किया। संदिग्धों की तस्वीरें पीड़िता को दिखाकर उनकी पहचान पुख्ता की गई, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण (क्राइम सीन रीक्रिएशन) भी कराया।
आईफोन में मिले अन्य युवतियों के भी वीडियो, जांच जारी
पुलिस की सख्त पूछताछ और मेमोरेंडम के आधार पर आरोपी फनेश्वर प्रसाद पटेल के पास से वीडियो बनाने में प्रयुक्त आईफोन मोबाइल और लूट की रकम में से 1,500 रुपये बरामद किए गए। वहीं, दूसरे आरोपी राहुल पटेल के कब्जे से 3,000 रुपये नकद और मारपीट में इस्तेमाल किया गया डंडा जब्त किया गया है। जब्त किए गए आईफोन की प्रारंभिक जांच में पुलिस को अन्य युवतियों के भी फोटो और वीडियो मिले हैं, जिसे लेकर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. राहुल पटेल (21 वर्ष), पिता खुलेश्वर पटेल, निवासी बोतल्दा, थाना खरसिया (शारडा कंपनी डभरा में कार्यरत)।
2. फनेश्वर प्रसाद पटेल (20 वर्ष), पिता कुसुम प्रसाद पटेल, निवासी बोतल्दा, थाना खरसिया (स्काई कंपनी चपले में श्रमिक)।
खरसिया पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 597/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 309(6) (लूट के दौरान चोट पहुंचाना) और 70 (सामूहिक दुष्कर्म) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
मामले के खुलासे पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि महिलाओं और युवतियों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को रायगढ़ पुलिस सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ बेहद गंभीरता से लेती है। ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ त्वरित एवं कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
