युवा संसद कार्यक्रम के तहत ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता आयोजित

सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने विजेताओं को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर किया सम्मानित, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए तीन प्रतिभागियों का चयन
सक्ती – माई भारत के तत्वावधान में मेरा युवा भारत कार्यक्रम अंतर्गत जिला स्तरीय युवा संसद कार्यक्रम के तहत ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय क्रांति कुमार भारतीय स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय सक्ती में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति में मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी माई भारत सुश्री प्रतिष्ठा माथुर ने युवा संसद कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम तीन स्तरों पर आयोजित किया जाएगा। ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रिया मैत्री, प्रियंका देवांगन, बिट्टू, गौतम लहरे, रागिनी चंद्रा, अश्वनी, अंकिता राठौर एवं मनीषा पटेल ने अपने विचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में प्राचार्य डॉ. पी.आर. कठौतिया, सहायक प्राध्यापक डॉ. अरविंद जगदेव, जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना सोमेश कुमार घिटोड़े, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सक्ती दिलीप पटेल एवं हिंदी के सहायक प्राध्यापक डॉ. देवेंद्र शुक्ला शामिल रहे। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतियोगिता में तीन प्रतिभागियों का चयन किया गया। इसमें प्रथम स्थान पर शासकीय क्रांति कुमार भारतीय स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय सक्ती की प्रिया मैत्री, द्वितीय स्थान पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओडेकेरा की रागिनी चंद्रा तथा तृतीय स्थान पर शासकीय क्रांति कुमार भारतीय स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय सक्ती के गौतम लहरे रहे। चयनित तीनों प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रायपुर में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने अपने उद्बोधन में आयोजन के लिए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा इस देश का भविष्य हैं। युवाओं को अपने करियर पर विशेष ध्यान देना चाहिए। देश और समाज के विकास के लिए सभी युवाओं को आगे आकर कार्य करना होगा, तभी विकसित भारत 2047 का सपना साकार होगा। उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करते रहने तथा भारत सरकार द्वारा युवाओं के विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। चेतन साहू एवं राम अवतार साहू ने भी युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। अपर कलेक्टर नवीन भगत ने युवाओं को अपनी ऊर्जा एवं शक्ति देश और समाज के विकास में लगाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े द्वारा प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.पी. पाटले, जिला युवा अधिकारी माई भारत सुश्री प्रतिष्ठा माथुर एवं जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना प्रो. सोमेश कुमार घिटोड़े द्वारा संयुक्त रूप से मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों के प्रति आभार प्रदर्शन प्राचार्य डॉ. डी.पी. पाटले एवं सुश्री प्रतिष्ठा माथुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. सोमेश कुमार घिटोड़े, डॉ. ज्योति कुशवाहा एवं डॉ. महेंद्र यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर टिकेश्वर गवेल, चेतन साहू, राम अवतार साहू, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, नायब तहसीलदार पद्म लोचन पटेल सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
