प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त हुई जारी, किसानों के साथ मनाया गया पीएम किसान उत्सव दिवस

जिले के 85,450 पात्र किसानों के खातों में 17.09 लाख करोड़ रुपये की राशि सीधे हुई हस्तांतरित

सक्ती – प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत 24वीं किस्त की राशि आज 30 अक्टूबर 2026 को पात्र किसानों के खातों में सीधे अंतरित की गई। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा योजना की 24वीं किस्त की राशि गुजरात के बनासकांठा से जारी की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फरवरी 2019 में शुरू की गई पीएम किसान सम्मान निधि योजना भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य पात्र भूमिधारक किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान करना है। इस अवसर पर जिला स्तर, विकासखंड स्तर एवं ग्राम पंचायतों में पीएम किसान उत्सव के रूप में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कृषि विभाग जिला सक्ती द्वारा जिला स्तर पर पीएम किसान उत्सव कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड सक्ती अंतर्गत बीपीआरसी भवन हरेठी में किया गया। जिला सक्ती में कुल 85,450 पात्र किसानों के बैंक खातों में 17.09 लाख करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। पीएम किसान उत्सव कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विद्या सिदार ने पीएम किसान योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी पात्र किसानों को योजना का लाभ लेकर अपनी खेती-किसानी में उपयोग करने से मदद मिलती है। उप संचालक कृषि द्वारा जिले के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त प्राप्त होने पर बधाई देते हुए अपील की गई कि सभी पात्र भूमिधारक किसान योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक मापदंड एग्रीस्टेक, ई-केवाईसी, लैंड सीडिंग एवं आधार सीडिंग पूर्ण कराएं। साथ ही उपस्थित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम आशा, फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल (FFS) का प्रशिक्षण एवं खेत बचाओ अभियान की जानकारी दी गई। जिला स्तर पर आयोजित पीएम किसान उत्सव कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य आयुष शर्मा, जनप्रतिनिधिगण, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारीगण सहित जिले के 200 से भी ज्यादा किसान शामिल हुए।
