सक्ती

जर्जर आंगनबाड़ी की छत का प्लास्टर गिरा, बच्ची घायल

भवन की खराब हालत की जानकारी सक्ती में ग्रामीणों ने पहले ही अधिकारियों को दी थी

सक्ती –  सक्ती जिले की ग्राम पंचायत बोइरडीह में जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र का छज्जा और छत का प्लास्टर गिर गया। हादसे में आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद एक बच्ची घायल हो गई। घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद श्रेया महंत (पिता संजय महंत) के ऊपर अचानक छत का प्लास्टर गिर गया। इससे बच्ची घायल हो गई। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गए। श्रेया के पिता संजय महंत टाइल्स लगाने का काम करते हैं।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को दी थी जानकारी
ग्रामीणों के मुताबिक, आंगनबाड़ी केंद्र का भवन काफी समय से जर्जर हालत में था। भवन की खराब स्थिति की जानकारी सरपंच और ग्रामीणों ने अधिकारियों को दी थी। इसके बावजूद समय पर मरम्मत नहीं कराई गई। इसके बाद यह हादसा हो गया।
कई आंगनबाड़ी केंद्रों की हालत खराब
ग्रामीणों का कहना है कि जिले के कई आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर हालत में हैं। इन केंद्रों में रोज छोटे बच्चे आते हैं। ऐसे में खराब भवनों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की जिम्मेदारी पर सवाल उठ रहे हैं।
बड़ा हादसा टला
राहत की बात यह रही कि छत और छज्जे का हिस्सा बच्चों के समूह के बीच नहीं गिरा। अगर ऐसा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों ने जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों का तत्काल निरीक्षण कराने और जरूरी मरम्मत कराने की मांग की है।