सक्ती

21 जुलाई को सक्ती में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का होगा आयोजन

21 जुलाई को सक्ती में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का होगा आयोजन kshititech

विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कैंसर स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श की सुविधा होगी उपलब्ध

सक्ती-   जिला प्रशासन के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला सक्ती के नेतृत्व में जिले में कैंसर की शीघ्र पहचान एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग एवं बालको मेडिकल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में 21 जुलाई 2026  को हटरी धर्मशाला, जिला-सक्ती में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्तन कैंसर की जांच मैमोग्राफी, मुख कैंसर की जांच ब्रश साइटोलॉजी, गर्भाशय ग्रीवा सर्वाइकल कैंसर की जांच पैप स्मीयर, रक्त संबंधी बीमारियों की स्क्रीनिंग, रक्तचाप बीपी, शुगर एवं बीएमआई की जांच सहित आवश्यक परामर्श एवं स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। शिविर में बालको मेडिकल सेंटर की मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग वैन के माध्यम से आधुनिक उपकरणों द्वारा जांच की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला स्वास्थ्य समिति ने जिले के नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं कैंसर के संभावित लक्षणों से ग्रसित व्यक्तियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निःशुल्क जांच एवं परामर्श का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कैंसर की समय पर पहचान होने से उपचार अधिक प्रभावी एवं सफल हो सकता है। यदि किसी व्यक्ति में स्तन में गांठ, असामान्य सूजन, मुंह में लगातार घाव, आवाज में बदलाव, लगातार खांसी, निगलने में कठिनाई, बिना कारण वजन घटना, त्वचा में असामान्य परिवर्तन, बार-बार संक्रमण, मल-मूत्र की आदतों में बदलाव अथवा मासिक धर्म संबंधी असामान्य समस्याएं जैसे लक्षण दिखाई दें, तो उन्हें शिविर में उपस्थित होकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श अवश्य लेना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि कैंसर की शीघ्र पहचान और समय पर उपचार से गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं से बचा जा सकता है।