सद्भावना भवन जैजैपुर में धूमधाम से मनाया गया जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव

सांसद कमलेश जांगड़े ने विद्यार्थियों को साइकिल, गणवेश एवं सहायक उपकरण वितरित किए



सक्ती – शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के साथ जिले के स्कूलों में उत्साहपूर्वक शाला प्रवेशोत्सव मनाया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड जैजैपुर अंतर्गत सद्भावना भवन, जैजैपुर में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, पालकों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने कहा कि शिक्षा ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की सबसे मजबूत नींव है। प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आवश्यक संसाधन तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना केंद्र एवं राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि समावेशी, गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक बच्चा समान अवसरों के साथ आगे बढ़ेगा, तभी आत्मनिर्भर, शिक्षित और विकसित भारत का सपना साकार होगा। कार्यक्रम के दौरान सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े की उपस्थिति में विद्यार्थियों को साइकिल एवं गणवेश वितरित किए गए। साथ ही विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को समावेशी शिक्षा के अंतर्गत सहायक उपकरण प्रदान किए गए, जिससे वे भी समान अवसरों के साथ नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर आत्मविश्वास के साथ अपनी शिक्षा जारी रख सकें। सांसद श्रीमती जांगड़े ने विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षकों से आत्मीय संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों पर नई उम्मीद, उत्साह और आत्मविश्वास की झलक देखकर अत्यंत प्रसन्नता होती है। उन्होंने आशा व्यक्त कि की जिले के नौनिहाल परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर अपने सपनों को साकार करेंगे तथा अपने परिवार, क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे। उन्होंने नवीन शैक्षणिक सत्र के लिए सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपती कीर्तन चंद्रा, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि परदेशी खूंटे पालकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यालयों के शिक्षक, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन भी मौजूद रहे।




