सक्ती

मालखरौदा-जैजैपुर के गांवों  में कारों के शीशे तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

मालखरौदा-जैजैपुर के गांवों  में कारों के शीशे तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश kshititech

2 नाबालिग सहित 4 आरोपी गिरफ्तार, 25 CCTV फुटेज और 4000 मोबाइल नंबरों की हुई जांच, नगदी समेत चोरी का सामान बरामद

सक्ती –  सक्ती जिले मे पुलिस ने मालखरौदा एवं जैजैपुर क्षेत्र के गांवों में खड़ी चारपहिया वाहनों के शीशे तोड़कर चोरी की वारदातों से दहशत फैलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दो वयस्क आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा गया है। पुलिस ने चोरी की गई नगदी एवं सामान भी बरामद कर लिया है। इस मामले में मालखरौदा थाना में 6 तथा जैजैपुर थाना में 5 सहित कुल 11 अपराध दर्ज किए गए थे। जानकारी के अनुसार, 11 और 12 मई 2026 को मालखरौदा एवं जैजैपुर क्षेत्र के 11 पीड़ितों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10-11 मई की रात अज्ञात बदमाशों ने घरों और सड़कों के किनारे खड़ी कारों के शीशे पत्थर एवं ईंट से तोड़कर अंदर रखे पर्स, नगदी, इलेक्ट्रॉनिक वायर, जैक-पाना सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 47 हजार रुपये बताई गई थी। आरोपियों ने जैजैपुर थाना क्षेत्र के काशीगढ़, जैजैपुर, तुषार, बोदसरा, कचंदा तथा मालखरौदा थाना क्षेत्र के पीहरीद, छोटे सीपत, कलमी और जमगहान सहित विभिन्न गांवों में वारदातों को अंजाम दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी सक्ती के पर्यवेक्षण में विशेष जांच टीम गठित की गई। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने 20 से 25 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, घटना स्थलों का टॉवर डंप निकालकर करीब 4 हजार मोबाइल नंबरों का सत्यापन किया तथा खरसिया और रायगढ़ सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी गुलशन कुमार बरेठ के दिल्ली भागने की तैयारी की जानकारी मिली। पुलिस ने उसे खरसिया रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद अन्य तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी हर्ष सिदार उर्फ बिट्टू (19 वर्ष), निवासी ग्राम सुखदा, चौकी फगुरम, थाना डभरा और गुलशन कुमार बरेठ (18 वर्ष 9 माह), निवासी ग्राम सुखदा, थाना डभरा को गिरफ्तार किया। इनके साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई नगदी में से 4 हजार रुपये, 5 जैक एवं 5 रॉड, 2 बंडल इलेक्ट्रॉनिक वायर, 2 स्टेपनी टायर तथा 2 डीजल वाइब्रेटर मशीन बरामद की हैं। आरोपियों के खिलाफ दर्ज सभी मामलों में वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।