नगर के मध्य हटरी धर्मशाला में भव्य रामकथा के समापन पर राम जी के दरबार पहुंचे नेता प्रतिपक्ष डॉ महंत

रामकथा में पहुंच कर लिया आशीर्वाद, राम हमारे दिल में बसते हैं: डॉ महंत
सक्ती – नगर के मध्य हटरी धर्मशाला में भव्य रामकथा का आयोजन किया जा रहा है जिसके संयोजक डॉ चरणदास महंत हैं। कथा के अंतिम दिवस के अवसर पर डॉ महंत श्री राम दरबार पहुंचे। भगवान श्री राम जी की पूजा अर्चना कर रामकथा का श्रवण लाभ लिया। व्यासपीठ पर आसीन श्री राजेन्द्र प्रसाद रामायणी जी ने रामकथा में GOD की व्याख्या करते हुए कहा कि G से Generator, O से Operator, D से Destroyer अर्थात भगवान ही उत्त्पत्तिकर्ता हैं भगवान ही संचालनकर्ता हैं तथा भगवान ही विनाशकर्ता हैं। व्यासपीठ से भक्तजनों को संबोधित करते हुए राजेन्द्र प्रसाद रामायणी ने कहा कि मनुष्य को सदैव अच्छे कर्म करना चाहिए और ब्रम्हांड के रचयिता भगवान की शरण में रहना चाहिए। बुरे कर्मों बुरे लोगों की संगति से दूर रहकर सदैव सत्कर्मों पर ध्यान लगाना चाहिए। डॉ चरणदास महंत ने राम जी के चार प्रकार की व्याख्या करते हुए कहा कि भगवान राम के चार रूप हैं और इन रूपों का वर्णन संत कबीर के दोहों में मिलता है। संत कबीर दास के अनुसार, “राम” के चार अलग-अलग रूप (अर्थ) होते हैं जो आध्यात्मिक यात्रा को दर्शाते हैं। पहला राम (राजा दशरथ के पुत्र): यह राजा दशरथ के घर जन्मे मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का साकार या देहधारी रूप है। दूसरा राम (घट-घट में बैठा): यह अंतरात्मा या सर्वव्यापी रूप है जो हर प्राणी के हृदय में वास करता है। तीसरा राम (सकल पसारा): यह प्रकृति और सृष्टि का रूप है, जिसे निराकार ईश्वर की शक्ति या माया के रूप में भी जाना जाता है। चौथा राम (सबसे न्यारा): यह सर्वोच्च, निर्गुण और निराकार परब्रह्म है जो तीनों लोकों से परे और सबसे श्रेष्ठ है। डॉ महंत ने रामकथा में पहुंचे सभी भक्तजनों का अभिनंदन करते हुए कहा कि आप सबके सहयोग से नगर राममय हो गया है आने वाले दिनों में अन्य नजदीकी क्षेत्रों में भी इसी तरह रामकथा का आयोजन किया जाएगा। रामकथा के सफल आयोजन के लिए रामकथा आयोजन मंडल के अध्यक्ष मांगेराम अग्रवाल (शिव बुक) एवं पूरे आयोजन मंडल का डॉ महंत ने हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। आयोजन मंडल की तरफ से डॉ महंत को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया तथा आगे भी रामकथा आयोजन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर डॉ चरणदास महंत के साथ गुलजार सिंह ठाकुर,घनश्याम पांडेय,चाम्पा नपा अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, बंटी धंजल,गिरधर जायसवाल,धनंजय राठौर,पिंटू ठाकुर,दिनेश शर्मा,आयुष शर्मा,साधेश्वर गबेल,रश्मि गबेल,महबूब खान, संजय रामचन्द्र,आनंद अग्रवाल, राकेश रोशन महंत,कालू अग्रवाल, भुरू अग्रवाल,जागेश्वर सिंह राज सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सहित नगर के रामभक्त उपस्थित रहे।




