प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के मॉडल उत्तर जारी, 30 मई तक दावा-आपत्ति आमंत्रित

सक्ती – मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत प्रदेश में संचालित प्रयास बालक एवं कन्या आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा का आयोजन दिनांक 10 मई 2026, रविवार को किया गया था। उक्त परीक्षा के मॉडल उत्तर विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in पर प्रदर्शित कर दिए गए हैं। प्रयास आवासीय विद्यालयों की कक्षा 9वीं प्रवेश परीक्षा के संबंध में दावा एवं आपत्ति 30 मई 2026 को सायं 5:30 बजे तक आमंत्रित किए गए हैं। जिला सक्ती के परीक्षार्थियों को दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने हेतु सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग जिला सक्ती कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज एवं प्रमाण सहित आवेदन जमा करना होगा। बिना प्रमाण के प्रस्तुत दावा-आपत्ति को पूर्णतः अमान्य किया जाएगा। प्राप्त दावा-आपत्तियों के परीक्षण उपरांत विषय विशेषज्ञों द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाएगा तथा विषय विशेषज्ञों का निर्णय ही अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि डाक के माध्यम से भेजी गई दावा-आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।


