सक्ती

सचिव की मनमानी के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

सरपंच-उपसरपंच के नेतृत्व में चक्काजाम, समझौते के बाद धरना स्थगित

सक्ती –  सक्ती जिले के ग्राम पंचायत नवापारा खुर्द में पंचायत सचिव की कार्यप्रणाली से नाराज जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर आ गया। सचिव नितेश गबेल पर मनमानी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सरपंच, उपसरपंच और भारी संख्या में ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर शांतिपूर्वक चक्काजाम कर धरना प्रदर्शन किया। ग्राम पंचायत नवापारा खुर्द की सरपंच रामेश्वरी बाई गोंड और उपसरपंच सैयद अब्दुल हुसैन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मोर्चा खोला। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि पंचायत सचिव नितेश गबेल द्वारा अपनी मनमर्जी से कार्य किया जा रहा है। आरोप के मुताबिक, सचिव द्वारा पंचायत के निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सामग्रियां जबरन अपने ही रिश्तेदारों की दुकानों से खरीदने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इसके अलावा अन्य शासकीय कार्यों में भी लगातार उनके द्वारा मनमानी की जा रही थी, जिससे पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। “सचिव द्वारा लगातार नियमों को ताक पर रखकर काम किया जा रहा है और रिश्तेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
– ग्राम पंचायत प्रतिनिधि
इस आंदोलन की पूर्व सूचना सरपंच और ग्रामीणों द्वारा जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) सक्ती को ज्ञापन सौंपकर दे दी गई थी। मामले की संवेदनशीलता और बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी समय रहते मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मांगों को ध्यान से सुना और उचित कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया। अधिकारियों की समझाइश और त्वरित पहल के बाद ग्रामीणों ने अपना धरना प्रदर्शन स्थगित किया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका। इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में गांव के बुजुर्ग, युवा और महिलाएं भारी संख्या में शामिल रहे।