सक्ती में अवैध महुआ शराब का काला कारोबार बेनकाब, 50 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार – सप्लाई चेन पर उठे सवाल

स्थानीय सवालों की गूंज: इतनी बड़ी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब आखिर किसके इशारे पर बन रही थी, कहां तक फैला है इसका नेटवर्क?
सक्ती- जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम हरदी क्षेत्र में हाथ भट्ठी से कच्ची महुआ शराब बनाकर उसका परिवहन कर रहे तीन युवकों को सक्ती पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब, शराब निर्माण में प्रयुक्त 4 सिल्वर हंडा और 2 स्कूटी वाहन जप्त किए गए हैं। कुल जप्ती मूल्य लगभग 70 हजार रुपये बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हरदी स्थित ठाकुर डबरी (सूखा तालाब) के पास अवैध रूप से हाथ भट्ठी लगाकर महुआ शराब बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों—बादल खूंटे (19), हुनेश बंजारे (19) और लक्ष्मी खूंटे (20), सभी निवासी ग्राम हरदी—को उस समय पकड़ लिया जब वे दो स्कूटी में जूट की बोरियों में शराब भरकर बिक्री के लिए ले जा रहे थे। तलाशी में उनके पास से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शराब निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया, जहां हाथ भट्ठी से शराब बनाई जा रही थी। मौके पर ही भट्ठी को नष्ट कर दिया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों से शराब रखने, बनाने और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद तीनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 42 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। हालांकि, इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ सतही कार्रवाई है और असली खेल कहीं और चल रहा है। सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब आखिर किसके इशारे पर तैयार हो रही थी और इसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है? क्या ये तीनों युवक केवल सप्लाई चेन के छोटे हिस्से हैं, जबकि असली सरगना अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं?
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध महुआ शराब का कारोबार जारी है, लेकिन समय-समय पर केवल छोटी कार्रवाई कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या सक्ती पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचेगी या फिर यह कार्रवाई भी महज औपचारिकता बनकर रह जाएगी।
फिलहाल, सक्ती पुलिस का कहना है कि अवैध शराब, जुआ और सट्टा के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है और आगे भी सख्ती बरती जाएगी।


