सक्ती में एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण का भव्य शुभारंभ, दो बालिकाओं को टीका लगाकर अभियान की शुरुआत

सक्ती- जिला प्रशासन सक्ती एवं लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज दिनांक 16 मार्च 2026 को मातृ एवं शिशु अस्पताल, सक्ती में एचपीवी वैक्सीन (HPV Vaccine) टीकाकरण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल एवं कलेक्टर अमृत विकास तोपनो की उपस्थिति में दो बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाकर किया गया। टीकाकरण के पश्चात दोनों बालिकाओं को टीकाकरण प्रमाण पत्र (Vaccination Certificate) भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल ने कहा कि-“एचपीवी वैक्सीन महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव का प्रभावी और सुरक्षित माध्यम है। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, लेकिन समय पर टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बालिकाओं को निर्धारित आयु में यह टीका अवश्य लगवाएं और इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।”
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर. के. राज ने उपस्थित लोगों को एचपीवी वैक्सीन की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि “एचपीवी वायरस से होने वाला संक्रमण ही आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण बनता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं को यह टीका चरणबध्द तरीके से लगाया जाएगा तथा जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।”
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि “महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए एचपीवी टीकाकरण एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि समाज के हर वर्ग तक इसकी जानकारी पहुंचे और अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ प्राप्त कर सकें।”
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा उपस्थित लोगों को सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव के उपाय एवं टीकाकरण के महत्व के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों एवं स्कूलों के माध्यम से इस टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से प्रचार-प्रसार किया जायेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी लोगों से अपील की कि वे एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपनी बालिकाओं को समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. संतोष पटेल, बीएमओ डॉ. सूरज सिंह राठौर, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुदर्शन भारद्वाज, डीपीएम कीर्ति बड़ा, बीपीएम अर्चना तिवारी, वीसीसीएम आफताब आलम, मुख्य लिपिक श्याम लाल यादव, जिला कार्यक्रम समन्वयक आयुष्मान भारत सलमान खान, बीईटीओ तारासिंह कंवर, पर्यवेक्षक हेमलता महार, जिला कार्यक्रम समन्वयक टी.बी. विनोद राठौर, सुकचरण साहू प्रभारी स्टोर, गंगा प्रसाद रत्नाकर फार्मासिस्ट, सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं हितग्राही उपस्थित रहे।


