सक्ती

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान: सक्ती की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को दिलाया गया सामूहिक जिम्मेदारी का संकल्प

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान: सक्ती की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को दिलाया गया सामूहिक जिम्मेदारी का संकल्प kshititech

सक्ती –  भारत सरकार द्वारा संचालित ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ एवं छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार, सक्ती जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन के निर्देशन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन के संरक्षण, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुधाकर बोदले के मार्गदर्शन तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी सुश्री दीप्ति चटर्जी के नेतृत्व में जिला बाल संरक्षण इकाई और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम ने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया।
दुष्परिणामों की दी जानकारी, दिलाया संकल्प
विशेष ग्राम सभाओं के दौरान संयुक्त टीम ने ग्रामीणों को कम उम्र में विवाह होने से पड़ने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से समझाया। अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह से बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और समग्र भविष्य पर गहरा नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, जिससे पारिवारिक और सामाजिक स्तर पर कई जटिल समस्याएं उत्पन्न होती हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे न तो स्वयं बाल विवाह करेंगे और न ही अपने आसपास इस सामाजिक कुरीति को होने देंगे।
हर वर्ग की रही सक्रिय सहभागिता
आयोजित ग्राम सभाओं में समाज के सभी वर्गों का उत्साहजनक सहयोग देखने को मिला। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, किशोर-किशोरियों और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों व शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल संवाद करना नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से गांवों में बाल विवाह के विरुद्ध एक संवेदनशील और मजबूत सामाजिक वातावरण तैयार करना है। प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही बच्चों को सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य दिया जा सकता है।
कानूनी प्रावधानों से कराया अवगत, हेल्पलाइन नंबर 1098 की दी जानकारी
टीम ने ग्रामीणों को कानूनी पहलुओं की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि विवाह के लिए लड़की की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़के की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है। इससे कम उम्र में विवाह कराना या इसमें किसी भी प्रकार से सहयोग करना कानूनन अपराध है, जिसके लिए ‘बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम’ के तहत कड़ी सजा का प्रावधान है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले, तो तुरंत संबंधित विभाग या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचित करें, ताकि समय रहते इसे रोका जा सके। जागरूकता बढ़ाने के लिए गांवों और शैक्षणिक संस्थानों में पोस्टर चस्पा करने के साथ-साथ पाम्पलेट भी वितरित किए गए।
राज्य स्तर पर सक्ती के सामाजिक कार्यकर्ता हुए सम्मानित
अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सक्ती के सामाजिक कार्यकर्ता (एक्सेस टू जस्टिस) झाड़े राम यादव उर्फ जयंत यादव को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े द्वारा ‘सजग प्रहरी सम्मान’ से नवाजा गया। उनके इस सम्मान से जिले के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में अभियान के प्रति नया उत्साह देखा जा रहा है।