सक्ती

स्टार्टअप्स और जमीनी स्तर के नवप्रवर्तकों को नवाचार के लिए प्रोत्साहित करने छत्तीसगढ़ आइडियाथाॅन 2025 का कराया जा रहा आयोजन

स्टार्टअप्स और जमीनी स्तर के नवप्रवर्तकों को नवाचार के लिए प्रोत्साहित करने छत्तीसगढ़ आइडियाथाॅन 2025 का कराया जा रहा आयोजन kshititech

सक्ती – रजत जयंती वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में उद्योग विभाग के अंतर्गत स्टार्टअप छत्तीसगढ़ द्वारा “छत्तीसगढ़ आइडियाथाॅन 2025” स्टार्टअप पिचेस एवं अवॉर्ड्स इवेंट का आयोजन किया जा रहा है। महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र जिला सक्ती द्वारा बताया गया कि यह एक राज्यव्यापी पहल है। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स और जमीनी स्तर के नवप्रवर्तकों के बीच नवाचार, उद्यमिता और समावेशी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। यह छत्तीसगढ़ आइडियाथॉन राज्यभर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें छात्र समुदाय से 10 संभावनाशील विचार और 10 अभिनव स्टार्टअप्स का चयन किया जाएगा। इन्हें राज्योत्सव डेमोडेय पिचिंग इवेंट में अपनी अंतिम प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। मूल्यांकन के आधार पर शीर्ष 5 छात्र विचार एवं शीर्ष 5 स्टार्टअप्स को निम्नानुसार सम्मानित किया जाएगा। जिसमें नगद पुरस्कार 51,000 रुपए तक, आगे के विकास हेतु मेंटरशिप, राज्योत्सव मंच पर सम्मान एवं राज्योत्सव प्रदर्शनी मंडल में अपने उत्पाद और सेवाओं का प्रदर्शन करने का अवसर भी दिया जाएगा।
इसके साथ ही नवम्बर 2025 में संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें प्रत्येक संभाग से (छात्र एवं स्टार्टअप श्रेणी) शीर्ष 3 विचारों का चयन किया जाएगा। इन्हें भी नगद पुरस्कार एवं स्थानीय इनक्यूबेटरों के माध्यम से मेंटरशिप प्रदान की जाएगी। उक्त प्रतियोगिता और कार्यक्रम में आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2025 तक है। सक्ती जिले के सभी छात्र समुदाय (उम्र 15-35 वर्ष) एवं स्टार्टअप से अनुरोध है कि वे ऑनलाईन पोर्टल https://startupchhattisgarh.sanchiconnect.com/programs/apply/sta3483/startup-chhattisgarh-ideathon  अंतर्गत एप्लाई बटन पर जाकर अपने नवीन आइडिया एवं स्टार्टअप को  25 अक्टूबर 2025 तक पंजीकृत कर सकते है। अन्य किसी भी प्रकार की अधिक जानकारी के लिए कार्यालय जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, जिला सक्ती में संपर्क किया जा सकता है।