देवारपारा कुटराबोड में युवक से मारपीट

दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
सक्ती – सक्ती जिले के अंतर्गत आने वाले थाना जैजैपुर क्षेत्र के ग्राम कुटराबोड (देवारपारा) में एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चिलम मांगने की बात पर हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुटराबोड निवासी संदीप जांगड़े (21 वर्ष) अपने दोस्त हिमांशु सिदार के साथ मोटरसाइकिल से नकईन तालाब की ओर जा रहा था। शाम करीब 7:30 बजे देवारपारा के पास गांव के ही विकास लहरे और सुमित नवरंग ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने संदीप से गांजा पीने की चिलम मांगी। जब संदीप ने चिलम होने से इनकार किया, तो दोनों आरोपी भड़क गए और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
दांत से काटा और कड़े से किया हमला
विवाद बढ़ने पर आरोपी विकास लहरे ने अपने हाथ में पहने स्टील के भारी कड़े (चुड़ा) से संदीप के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा। इतने पर भी जब मन नहीं भरा, तो विकास ने संदीप के दाहिने हाथ की छोटी उंगली को अपने दांतों से बुरी तरह काट लिया। इस दौरान दूसरे आरोपी सुमित नवरंग ने भी संदीप को हाथ-मुक्कों से जमकर पीटा।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
घटना के बाद घायल पीड़ित ने अपने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई और जैजैपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी विकास लहरे और सुमित नवरंग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत मामला पंजीकृत किया है। मामले की आगे की जांच सहायक उपनिरीक्षक उपेन्द्र कुमार यादव द्वारा की जा रही है।
