सक्ती में जुआ खेलते दो आरोपी गिरफ्तार

नकदी और तास पत्ती जब्त
सक्ती – सक्ती थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेड कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से नकदी और जुआ खेलने की सामग्री जब्त की है।
स्ट्रीट लाइट के नीचे चल रहा था जुआ
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार 4 नवंबर 2026 की रात को टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सोंठी में जय स्तंभ चौक के पास स्ट्रीट लाइट के नीचे कुछ लोग तास के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस स्टाफ और गवाहों की मदद से मौके पर घेराबंदी कर रेड मारी गई। इस दौरान पुलिस को आता देख कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, जबकि दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों के नाम:
1. जय कुमार सोने (उम्र 25 वर्ष), निवासी- संजय नगर बिर्रा (हाल मुकाम- नंदेलीभाठा, सक्ती)
2. नरेन्द्र कुमार डेंसिल (उम्र 34 वर्ष), निवासी- ग्राम सोंठी, सक्ती
नकदी और सामग्री बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से और जुए के फड़ से कुल 720 रुपये नगद, एक बोरी फट्टी और 52 पत्ती तास जब्त किया है।
छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत मामला दर्ज
मामले में सक्ती थाने के प्रधान आरक्षक शब्बीर मेमन द्वारा आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध क्रमांक 0456/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। मौके पर जमानतदार पेश नहीं करने के कारण आरोपियों को माल समेत थाने लाया गया, जहां आगे की विवेचना जारी है।
