सक्ती

एसडीओ देवांगन ने किसानों से की अपील, नहरों व कुलापा पाइप से छेड़छाड़ न करें

सक्ती-/बिर्रा-  जल संसाधन प्रबंध संभाग  जांजगीर के अंतर्गत उप संभाग बिर्रा में क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सभी किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार पानी उपलब्ध कराने को लेकर जल संसाधन प्रबंध उप संभाग बिर्रा के अनुविभागीय अधिकारी श्री राम  देवांगन ने किसानों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसान भाई नहरों, कुलापा पाइप तथा सिंचाई व्यवस्था से जुड़े किसी भी संसाधन के साथ छेड़छाड़ न करें। विभाग द्वारा सभी किसानों तक पानी सुगमता से पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। एसडीओ देवांगन ने किसानों से स्पष्ट रूप से कहा कि पानी लेने के लिए नहरों को काटकर नाली बनाने, नहर की मेड़ तोड़ने अथवा कुलापा पाइप में किसी प्रकार की अनधिकृत छेड़छाड़ करने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होती है। इससे दूसरे किसानों तक पानी पहुंचने में परेशानी हो सकती है और नहरों को भी नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि नहरों को किसी भी प्रकार का नुकसान पहुंचाने अथवा सिंचाई व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे स्वयं नहर काटकर या अन्य तरीके से पानी ले जाने का प्रयास न करें।
एसडीओ ने कहा कि यदि किसी किसान को पानी मिलने में परेशानी हो रही है या नहर से संबंधित कोई समस्या सामने आती है, तो वह स्वयं नहर में छेड़छाड़ करने के बजाय सीधे विभागीय अधिकारियों से संपर्क करें। समस्या की जानकारी मिलने पर विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए पानी की व्यवस्था सुचारू कराने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने सभी किसान भाइयों से आपसी सहयोग बनाए रखने और सिंचाई व्यवस्था को व्यवस्थित रखने में विभाग का सहयोग करने की अपील की है, ताकि क्षेत्र के सभी किसानों को बिना किसी परेशानी के पानी उपलब्ध कराया जा सके।