जिले के सभी विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता का किया गया आयोजन


सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों ने भाषण प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा
सक्ती- राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए निर्धारित विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने भाषण के माध्यम से सेवा, समर्पण, अनुशासन, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी ढंग से अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति, समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर भी अपने विचार प्रस्तुत किए। बच्चों द्वारा तैयार किए गए चित्रों एवं लिखित सामग्री ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बनाया। कार्यक्रम में शिक्षक एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भावना के साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता का विकास करना रहा।
विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन आगामी चरण की प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. कुमुदिनी बाघ द्विवेदी ने जिले के समस्त जनप्रतिनिधियों, विद्यालयों के प्राचार्यों, प्रधानपाठकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को अभियान के अंतर्गत सक्रिय सहभागिता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
