अवैध कनेक्शन लेकर विद्युत करंट प्रवाहित कर एक व्यक्ति के मृत्यु के मामले में आरोपी गिरफ्तार


सक्ती – जिला सक्ती पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चंद्रपुर/डभरा सुमित गुप्ता के कुशल नेतृत्व में थाना डभरा क्षेत्र के ग्राम कटौद में अवैध रूप से विद्युत तार बिछाकर उसमें करंट प्रवाहित किए जाने से रोहित कुमार बरेठ की मृत्यु के मामले में थाना डभरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चन्द्रशेखर चन्द्रा पिता दिलीप सिंह चन्द्रा, उम्र 60 वर्ष, निवासी कटौद, थाना डभरा, जिला सक्ती को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्यवाही की है।
दिनांक 15.09.2026 को प्रातः लगभग 09:30 बजे मवेशी चराते समय चन्द्रशेखर चन्द्रा की सब्जी बाड़ी के पास पहुंच गया। मवेशी को वहां से हटाने के दौरान वह सब्जी बाड़ी में लगाए गए जीआई तार के घेरे में प्रवाहित विद्युत करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना प्राप्त होने पर थाना डभरा पुलिस द्वारा तत्काल मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि विद्युत पोल से अवैध रूप से एलटी तार खींचकर सब्जी बाड़ी में लगाए गए जीआई तार के घेरे में विद्युत प्रवाह किया जा रहा था।
मर्ग जांच, घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के कथन एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रोहित कुमार बरेठ की मृत्यु विद्युत करंट लगने से होना पाया गया। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध अपराध घटित करना पाए जाने पर प्रकरण में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा विद्युत तार में करंट प्रवाहित किए जाने की बात स्वीकार की गई। आरोपी के कब्जे से 02 नग सिल्वर रंग के तार, लगभग 100 मीटर एवं 02 नग लोहे की नंगी जीआई तार, लगभग 150 मीटर, कुल सामग्री को विधिवत जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया प्रकरण में आरोपी चंद्रशेखर चन्द्रा को दिनांक 16.09.2026 को दोपहर 12:50 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
