जिले में संचालित अपस्पताल के डाॅक्टर्स/डाटा एंट्री आपरेटर एवं पुलिस अधिकारियो की संयुक्त कार्यशाला


सक्ती- पूरे देश में केन्द्र सरकार की दो महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही है, जिसमें रोड दुर्घटना में घायल होने वाले व्यक्ति को 01 लाख 50 हजार तक निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने हेतु पीएम राहत योजना तथा रोड दुर्घटना में घायल होने वाले व्यक्ति को समय पर उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को राहवीर योजना के अंतर्गत 25 हजार रूपयें प्रोत्साहन राशि दिये जाने का प्रावधान किया गया है। उक्त दोनो योजनायें पुलिस एवं संबंधित अस्पताल के संयुक्त प्रयास से ही संभव हो सकती हैं, जिसकी जानकारी शासकीय एवं मान्यता प्राप्त अस्पताल के संचालकों को नही होने से आम नागरिको को इसका लाभ नही मिल पा रहा हैं। इसी को देखते हुए सक्ती जिले के संवेदनशील पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर द्वारा सीएमएचओ पूजा अग्रवाल से सम्पर्क कर जिले के मान्यता प्राप्त अस्पताल के संचालकों को कार्यशाला में उपस्थित होने के लिए सूचित करवाया गया।
जिले के आम नागरिकों को पीएम राहत एवं राहवीर योजना का पूर्ण लाभ मिल सकें इसी उद्देश्य से आज दिनांक 06.08.2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय जेठा के सभागार में एक कार्य शाला का आयोजन कराया गया। जिसमें जिले के थाना/चैकी प्रभारी एवं अस्पताल के डाॅक्टर एवं डाटा एंट्री आपरेटर काफी संख्या में उपस्थित हुये। उक्त दोनो योजनायें पोर्टल में ऑनलाइन संचालित है। जिसके संबंध में जांजगीर एवं सक्ती की प्रभारी श्रीमती साधना गुप्ता द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में उपस्थित पुलिस एवं चिकित्सा अधिकारियों को पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने संबोधित कर दोनो योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला व कार्यक्रम में जिले के कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने भी संयुक्त कार्यशाला में दोनो योजनाओ के बारे में जानकारी दी तथा स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग से टीम भावना के साथ काम करने की समझाईस दिये ताकि जिले में होने वाली दुर्घटना में आहत व्यक्ति को समय पर निःशुल्क चिकित्सा उपलब्ध हो सकें। सम्पूर्ण कार्यक्रम का आयोजन एवं व्यवस्था अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं यातायात प्रभारी वाय.एन.शर्मा द्वारा सुव्यवस्थित रूप से की गई।

