सक्ती

उद्यानिकी फसलों के किसानों के लिए सुनहरा अवसर: 31 जुलाई तक कराएं फसल बीमा, प्राकृतिक आपदा से मिलेगी आर्थिक सुरक्षा

सक्ती – जिले के उद्यानिकी फसल उत्पादक किसानों के लिए पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ मौसम की उद्यानिकी फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग ने जिले के किसानों से समय रहते अपनी फसलों का बीमा कराने की अपील की है, ताकि प्राकृतिक आपदाओं एवं प्रतिकूल मौसम की स्थिति में होने वाले नुकसान की भरपाई की जा सके। योजना के अंतर्गत खरीफ मौसम की टमाटर, बैंगन, मिर्च, अदरक, केला, पपीता एवं अमरूद जैसी उद्यानिकी फसलों का बीमा कराया जा सकता है। इच्छुक किसान अपने निकटतम लोक सेवा केंद्र, बैंक शाखा, सहकारी समिति, भारतीय बीमा कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि अथवा उद्यानिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत किसानों को अधिसूचित फसलों की बीमित राशि का मात्र 5 प्रतिशत प्रीमियम प्रति हेक्टेयर की दर से जमा करना होगा। निर्धारित प्रीमियम दर के अनुसार टमाटर के लिए 6,000 रुपये, बैंगन 3,850 रुपये, मिर्च 3,400 रुपये, अदरक 7,500 रुपये, केला 4,250 रुपये, पपीता 4,350 रुपये तथा अमरूद 2,250 रुपये प्रति हेक्टेयर प्रीमियम निर्धारित किया गया है।