सक्ती

किकिरदा में धान के बदले अन्य फसल, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं फार्मर आईडी निर्माण हेतु शिविर आयोजित

सक्ती / बिर्रा – कृषि विभाग सक्ती के द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार विकासखंड जैजैपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत किकिरदा बजरंग चौक में धान फसल के स्थान पर अन्य खरीफ फसलों को प्रोत्साहित करने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के प्रचार-प्रसार तथा एग्रीस्टैक अंतर्गत सक्रिय प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) लाभार्थी कृषकों का फार्मर आईडी निर्माण हेतु विशेष कृषक उन्नति योजना अंतर्गत किसान शिविर का आयोजन किया गया।

   गौरतलब है कि जनपद पंचायत जैजैपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत किकिरदा के बजरंग चौक में कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसान शिविर का आयोजन रखा गया था। इस शिविर में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी विनोद कुमार कश्यप द्वारा किसानों को धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी एवं अन्य लाभकारी फसलों की खेती अपनाने से होने वाले आर्थिक एवं पर्यावरणीय लाभों की जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत समय-सीमा में फसल बीमा कराने, आवश्यक दस्तावेज एवं योजना के लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में एग्रीस्टैक के अंतर्गत सक्रिय पीएम-किसान लाभार्थी कृषकों का फार्मर आईडी बनाने का कार्य भी किया गया। किसानों को बताया गया कि फार्मर आईडी के माध्यम से भविष्य में विभिन्न कृषि योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अधिक पारदर्शी, सरल एवं डिजिटल माध्यम से प्राप्त होगा। उपस्थित किसानों ने कृषि विभाग की पहल की सराहना करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा धान के स्थान पर वैकल्पिक लाभकारी फसलों को अपनाने का संकल्प लिया।

     इस अवसर पर डी.एन. देवांगन कृषक मित्र, भूषण लाल चंद्रा, घसिया राम यादव, गोरेलाल पटेल, तेरस राम आदित्य, विसंभर पटेल, छत्तराम यादव, ज्योति पटेल, डालचंद जायसवाल, सहारता राम पटेल, अनुराग जायसवाल, बोधराम चंद्रा, सत्तू पटेल, रामगुलाल पटेल आदि के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण कृषक उपस्थित थे।