सक्ती में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, नौकरी, मुआवजा और सुरक्षा व्यवस्था की उठाई मांग

सक्ती – जिले में हुई दर्दनाक एवं हृदयविदारक घटना के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित जांच टीम एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार के सदस्यों का दुख-दर्द साझा करते हुए उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया और शासन से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में डभरा विधायक रामकुमार यादव, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह, जांजगीर विधायक व्यास कश्यप, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, जिला कांग्रेस कमेटी सक्ती की अध्यक्ष रश्मि गभेल, विधायक प्रतिनिधि गुलजार सिंह ठाकुर, जिला महामंत्री अमित कुमार राठौर, राजू जायसवाल, विनय चंद्र, श्रीमती लहरे, रामू जायसवाल, युवा कांग्रेस ग्रामीण के पदाधिकारी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जांच टीम के सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा परिजनों के साथ संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को कठोर से कठोर सजा दिलाने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने शासन से मांग की कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को तत्काल शासकीय नौकरी प्रदान की जाए, ताकि परिवार को भविष्य में आर्थिक संबल मिल सके। साथ ही परिवार को मानवीय आधार पर पर्याप्त आर्थिक सहायता (मुआवजा) उपलब्ध कराई जाए, जिससे इस कठिन परिस्थिति में उन्हें राहत मिल सके।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के मन में भय का वातावरण बन गया है। इसे देखते हुए शासन को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, जिससे अपराधियों की पहचान आसानी से हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि सक्ती क्षेत्र हमेशा से शांतिप्रिय रहा है और यहां भाईचारे की परंपरा रही है। इसलिए प्रशासन को कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाते हुए लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में संदिग्ध एवं बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए तथा बिना सत्यापन के इधर-उधर घूमने वाले लोगों पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से अपील की कि घटना की निष्पक्ष, प्रभावी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इस दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने अंत में कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और उनकी हर लड़ाई में सहयोग करेगी। साथ ही शासन से आग्रह किया कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी कदम तत्काल उठाए जाएं, जिससे क्षेत्र के लोग भयमुक्त वातावरण में अपना जीवन व्यतीत कर सकें।




