सक्ती

पुष्प वाटिका गार्डन का होगा कायाकल्प, असामाजिक तत्वों के चंगुल से मिलेगी मुक्ति

सक्ती – नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने वार्ड क्रमांक 2 स्थित पुष्प वाटिका गार्डन का निरीक्षण किया। इस दौरान सिद्ध हनुमान परिवार सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं नगर पालिका के अधिकारियों के साथ गार्डन के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद रामसंजीवन देवांगन, नगर पालिका के इंजीनियर एवं नगर पालिका के कर्मचारी इब्राहिम खान सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहा पुष्प वाटिका गार्डन अब नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा। गार्डन में साफ-सफाई, हरियाली, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा बच्चों एवं बुजुर्गों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि यह क्षेत्र नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके।

उन्होंने कहा कि गार्डन में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और दारूबाजी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके कारण आम नागरिक, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग यहां आने से कतराते थे। नगर पालिका और सिद्ध हनुमान परिवार के संयुक्त प्रयास से अब इस स्थिति में सुधार लाया जाएगा तथा गार्डन को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाएगा।

सिद्ध हनुमान परिवार सेवा समिति के सदस्यों ने भी गार्डन के संरक्षण और विकास में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। समिति का उद्देश्य इस सार्वजनिक स्थल को ऐसा स्वरूप देना है, जहां परिवारों, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।

नगरवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष के इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि पुष्प वाटिका गार्डन के कायाकल्प के बाद यह क्षेत्र सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा असामाजिक तत्वों के प्रभाव से पूरी तरह मुक्त हो सकेगा।

“गार्डन में दारूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर लगेगी रोक, बच्चों-बुजुर्गों को मिलेगा सुरक्षित माहौल” – श्याम सुंदर अग्रवाल