पटवारी की कार का शीशा तोड़कर सरकारी दस्तावेज चोरी

सक्ती में कार्यालय के सामने से किसान किताबें और 57 हजार का लैपटॉप ले उड़े चोर

सक्ती – सक्ती जिले में पटवारी की कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप, कार्यालयीन सील और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना पटवारी कार्यालय के सामने खड़ी कार में हुई। चोरी की सूचना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, स्टेशनपारा सक्ती निवासी युनुस परवेज अहमद हल्का नंबर-03 पतेरापालीकला में पटवारी के पद पर कार्यरत हैं। 5 जून की सुबह करीब 7:30 बजे उन्होंने अपनी कार (CG-11-BM-8844) पटवारी कार्यालय के सामने खड़ी की थी। इसके बाद वे ग्राम मोहगांव में नक्शा बटांकन और अन्य राजस्व कार्यों के लिए रवाना हो गए।
लौटने पर टूटा मिला कार का शीशा
पटवारी युनुस परवेज अहमद मोहगांव में ग्रामसभा में शामिल होने के बाद दोपहर करीब 12:15 बजे कार्यालय लौटे। इस दौरान उन्होंने देखा कि कार का सामने का शीशा टूटा हुआ है और और भीतर रखा भूरे रंग का लेदर बैग गायब था। चोरी हुए बैग में एचपी कंपनी का लैपटॉप, चार्जर, फास्टट्रैक घड़ी, कार्यालयीन सील, किसान किताबें और कई महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेज रखे हुए थे।
60 हजार रुपये से अधिक का नुकसान
पटवारी के मुताबिक चोरी हुए सामान में लगभग 57 हजार रुपये कीमत का लैपटॉप, लैपटॉप चार्जर, करीब 1700 रुपये की घड़ी, छह किसान किताबें, कार्यालयीन सील और अन्य जरूरी दस्तावेज शामिल हैं। घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ शासकीय कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पीड़ित पटवारी ने नगरदा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।




