सक्ती

बेकाबू ट्रैक्टर ने मचाई तबाही: बाइक सवार मामा-भांजे की मौत, महिला गंभीर घायल

सक्ती –  डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर शनिवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। ईंट से भरे बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टर ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटमी निवासी बरेठ परिवार के सदस्य सीजी 13 बीडी 2456 नंबर की मोटरसाइकिल से सारंगढ़ क्षेत्र के सुपावली गांव जा रहे थे। इसी दौरान डभरा क्षेत्र के लक्ष्मणभाठा के पास पीछे से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मंजू बरेठ (25 वर्ष) एवं देवेंद्र बरेठ (40 वर्ष) निवासी ग्राम कोटमी, थाना डभरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच मामा-भांजे का रिश्ता था। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी लीलावती बरेठ गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और डभरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।

डभरा-खरसिया मार्ग पर लगातार बढ़ रहे हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। भारी वाहनों की तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण यह मार्ग दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय करने और बेलगाम वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद ग्राम कोटमी सहित पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।