विश्व साइकिल दिवस पर 7 जून को निकलेगी साइकिल रैली, आमजन से सहभागिता की अपील

विश्व साइकिल दिवस 2026: ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के तहत 7 जून को सक्ती में निकलेगी भव्य साइकिल रैली
सक्ती – छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग रायपुर के निर्देशानुसार तथा जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग सक्ती के संयुक्त तत्वावधान में फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत विश्व साइकिल दिवस 2026 के अवसर पर “संडे ऑन साइकिल” अभियान के तहत 7 जून 2026, रविवार को जिला मुख्यालय सक्ती में साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य आमजन में फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है। खेल एवं फिटनेस गतिविधियों में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित यह साइकिल रैली प्रातः 7:30 बजे से सेजेस स्कूल सक्ती से प्रारंभ होगी। रैली गौरव पथ, बुधवारी बाजार, राजापारा चौक एवं शनि मंदिर मार्ग से होते हुए पुनः सेजेस स्कूल सक्ती में समाप्त होगी। आयोजन में विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, जिला खेल संघों के खिलाड़ी एवं पदाधिकारी तथा सभी आयु वर्ग के नागरिक भाग ले सकते हैं। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिले के समस्त खेल संघों के अध्यक्ष एवं सचिवों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों तथा प्रधान पाठकों से अपने-अपने संस्थानों के खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को कार्यक्रम की जानकारी देकर निर्धारित तिथि, समय एवं स्थल पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का अनुरोध किया है, ताकि इस आयोजन को सफल बनाया जा सके। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने एवं फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए साइकिल रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।




