सक्ती

जिला सक्ती के स्वास्थ्य संस्थाओं का कायाकल्प में उत्कृष्टता की ओर सशक्त कदम

   

सक्ती – कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग सक्ती द्वारा कायाकल्प योजना के अंतर्गत जिले के स्वास्थ्य संस्थाओं को उत्कृष्ट स्वच्छ, सुरक्षित एवं मरीज, हितैषी बनाने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल के नेतृत्व में जिला स्तरीय बाह्य मूल्यांकन टीम (डॉ. उमाशंकर साहू खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, वरिष्ठ लैब टेक्निशियन एवं अन्य विभागीय अमले) द्वारा व्यापक एवं गहन निरीक्षण अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अंतिम मूल्यांकन में सभी स्वास्थ्य केंद्रों की तैयारियों का जायजा लेते हुए टीम ने विगत दिनों में असौंदा, खैरा, किरारी, सकरेली, जुड़गा एवं घुईचुवा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का कायाकल्प मूल्यांकन किया गया। जिसमें स्वच्छता, रिकॉर्ड संधारण, मरीज सेवाएं, सुरक्षा मानक, अवसंरचना एवं सामुदायिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रत्येक संस्थान में सेवा प्रदाय प्रक्रिया, कार्यप्रणाली, स्टाफ की उपलब्धता, औषधि प्रबंधन, बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर के प्रावधानों के पालन की वस्तुनिष्ठ समीक्षा की गई। टीम ने कुछ केंद्रों में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन को सराहा एवं जहां सुधार की आवश्यकता है, वहीं तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने हेतु निर्देश प्रदान किए। मूल्यांकन टीम निरीक्षण के दौरान पाया कि कुछ स्वास्थ्य केंद्र अपनी विशिष्ट सुविधाओं, सुंदरता, अनुशासन एवं सेवा गुणवत्ता के कारण प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। वहीं घुईचुंवा आयुष्मान आरोग्य मंदिर में अत्यंत चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्रों में स्थित होने के बावजूद उल्लेखनीय सेवाएं दे रहे हैं। यहाँ तक कि वन्य जीवों के आवागमन वाले क्षेत्र में स्थित स्वास्थ्य केंद्र भी पूरी तत्परता से संचालित हो रहा है। जिले की स्वास्थ्य संस्थाएं कायाकल्प के सभी इंडिकेटरों को प्राप्त करने की दिशा में पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रही है, ताकि राज्य एवं जिला स्तर पर मिलने वाले कायाकल्प पुरस्कार में जिला सक्ती एक बार फिर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा सके। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल द्वारा निरीक्षण के उपरांत विशेष रूप से यह कहा गया कि सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर जन स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है, अतः प्रत्येक केंद्र को अपने-अपने स्तर पर उत्कृष्टता प्राप्त करने हेतु निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।