सक्ती को मिली बड़ी रेल सौगात, 23 जनवरी से गोंडवाना एक्सप्रेस का ठहराव तय – सांसद प्रतिनिधि संजय रामचंद्र

सक्ती – लंबे समय से चली आ रही अटकलों पर विराम लगाते हुए सक्ती रेलवे स्टेशन में गोंडवाना एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जांजगीर लोकसभा की सांसद कमलेश जांगड़े के विशेष प्रयासों से 23 जनवरी को गोंडवाना एक्सप्रेस का सक्ती स्टेशन में ठहराव सुनिश्चित हो गया है। इस निर्णय से सक्ती अंचल सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। दूरभाष पर रेलवे अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सांसद कमलेश जांगड़े ने बताया कि 23 जनवरी को दिल्ली से रायगढ़ आने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस का सक्ती रेलवे स्टेशन में ठहराव तय किया गया है। यह ट्रेन लगभग शाम 5:30 बजे सक्ती स्टेशन पहुंचेगी। गोंडवाना एक्सप्रेस के ठहराव से अब सक्ती क्षेत्र के यात्रियों को रायपुर, नागपुर, भोपाल और दिल्ली के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे यात्रा अधिक सुगम और समय की बचत होगी। इस ठहराव की घोषणा के बाद सक्ती अंचल में हर्ष और उत्साह का माहौल व्याप्त है। वर्षों से इस महत्वपूर्ण ट्रेन के ठहराव की मांग की जा रही थी, जो अब सांसद कमलेश जांगड़े के प्रयासों से पूरी हुई है। क्षेत्रवासियों ने इसे सक्ती क्षेत्र के विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया है। लोगों का कहना है कि गोंडवाना एक्सप्रेस का ठहराव व्यापार, शिक्षा और रोजगार के लिए यात्रा करने वाले लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। क्षेत्रवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने गोंडवाना एक्सप्रेस के ठहराव के लिए सांसद कमलेश जांगड़े के प्रति आभार व्यक्त किया है। भाजपा परिवार ने इसे सांसद की विशेष उपलब्धि बताते हुए कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। साथ ही ठहराव के दिन अधिक से अधिक संख्या में लोगों से सक्ती रेलवे स्टेशन पहुंचकर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने का आग्रह किया गया है। उक्त जानकारी सांसद कमलेश जांगड़े से दूरभाष पर हुई चर्चा के उपरांत सांसद प्रतिनिधि संजय रामचंद्र द्वारा दी गई।


