सक्ती

अग्नि सुरक्षा हेतु आवासीय एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए गृह मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी

गर्मी के मौसम में आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए नागरिकों और संस्थानों को बरतनी होगी विशेष सावधानी

सक्ती – ग्रीष्म ऋतु में तापमान बढ़ने के साथ-साथ आगजनी की घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए भारत सरकार के गृह मंत्रालय, महानिदेशालय अग्निशमन सेवा, नई दिल्ली एवं नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीआरएफ मुख्यालय, सेक्टर-19 अटल नगर, नवा रायपुर द्वारा नागरिकों, आवासीय एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के लिए अग्नि सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की गई है। अग्निशमन सेवा विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी के संबंध में जिला अग्निशमन अधिकारी जांजगीर-चांपा योग्यता साहू ने बताया कि गर्मी के मौसम में एसी, कूलर, रेफ्रिजरेटर आदि विद्युत उपकरणों के लगातार उपयोग से शॉर्ट सर्किट और ओवरलोडिंग का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है। रिहायशी इमारतों के लिए जारी सलाह के अनुसार बिजली वायरिंग की समय-समय पर जांच करानी चाहिए तथा केवल आईएसआई मार्क वाले उपकरणों का उपयोग करना चाहिए। एलपीजी सिलेंडर को सीधा रखें और किसी भी प्रकार के रिसाव की जांच साबुन के घोल से करें। उपयोग में नहीं होने पर विद्युत उपकरणों को बंद रखें तथा बालकनी और सीढ़ियों को अवरोधमुक्त रखें। आपात स्थिति के लिए पानी या रेत की बाल्टी उपलब्ध रखें और परिवार के सभी सदस्यों को आपातकालीन डायल 112 की जानकारी दें। एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि एक ही सॉकेट पर कई उपकरणों का उपयोग न करें, ढीली तारों का प्रयोग न करें, घर में ज्वलनशील पदार्थों का अनावश्यक भंडारण न करें तथा रातभर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्जिंग पर न छोड़ें। साथ ही घरों में कचरा जलाने से भी बचने की सलाह दी गई है। व्यावसायिक एवं कमर्शियल प्रतिष्ठानों के लिए फायर एक्सटिंग्विशर, स्प्रिंकलर तथा फायर अलार्म सिस्टम स्थापित करने, नियमित फायर ऑडिट कराने और कर्मचारियों को आग बुझाने का प्रशिक्षण देने की सलाह दी गई है। इसके अलावा इमरजेंसी एग्जिट को हमेशा साफ और चिन्हित रखने, वर्ष में कम से कम दो बार मॉक ड्रिल आयोजित करने तथा बिजली पैनल और सर्वर रूम में पर्याप्त वेंटिलेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए नागरिकों और संस्थानों से सावधानियों के पालन की अपील

   विशेष ग्रीष्मकालीन सलाह में बताया गया है कि कूलिंग सिस्टम के बढ़ते उपयोग से विद्युत भार बढ़ जाता है, इसलिए वायरिंग और लोड वितरण व्यवस्था को सही रखना आवश्यक है। ट्रांसफार्मर का नियमित रखरखाव कराया जाए तथा अस्थायी विद्युत कनेक्शनों से बचा जाए। इन्वर्टर और बैटरी की ओवरहीटिंग की नियमित जांच भी की जानी चाहिए। जिला अग्निशमन अधिकारी ने नागरिकों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों और सावधानियों का पालन करें। इससे आगजनी की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना देने की सलाह दी गई है।