मारवाड़ी युवा मंच की अनूठी पहल, एक ही मंडप में 10 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ

चंद्रपुर के अग्रसेन भवन में पहली बार भव्य सामूहिक विवाह का आयोजन
अग्र समाज के लोगों ने निभाया कन्यादान और अभिभावक का फर्ज, नगर सहित आसपास के गांवों में हो रही प्रशंसा

सक्ती – जिला के नगर पंचायत चंद्रपुर में सामाजिक एकता, सहयोग और सेवा भावना की अनूठी मिसाल देखने को मिली। मारवाड़ी युवा मंच एवं चंद्रहासिनी शाखा के तत्वावधान में गुरुवार 26 नवम्बर के नगर के अग्रसेन भवन में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में 10 जोड़ों ने विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह के पवित्र बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत की।यह आयोजन चंद्रपुर क्षेत्र में अपनी तरह का पहला सफल सामूहिक विवाह समारोह रहा। आयोजन को लेकर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी सकारात्मक चर्चाएं हो रही हैं। सामाजिक स्तर पर इस पहल को बेहद सराहनीय कदम बताया जा रहा है। सामूहिक विवाह के माध्यम से जहां एक ओर विवाह जैसे महत्वपूर्ण संस्कार को पारंपरिक गरिमा के साथ संपन्न कराया गया, वहीं दूसरी ओर सामाजिक सहयोग, आपसी भाईचारे और सामूहिक जिम्मेदारी का भी संदेश दिया गया। आयोजन समिति की सदस्य पायल अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में कुल 10 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाजों, धार्मिक नियमों एवं परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। विवाह की समस्त धार्मिक रस्मों को विधिवत पूरा कराने में नगर के मुख्य पुरोहित देवेंद्र मिश्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रस्मों के बीच सभी जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर दांपत्य जीवन में प्रवेश किया। पायल ने बताया कि इस आयोजन की सबसे विशेष और भावुक पहल यह रही कि अग्र समाज के सम्मानित व्यक्तियों ने आगे आकर नवविवाहित कन्याओं का कन्यादान किया और उनके अभिभावक की जिम्मेदारी निभाई। समाज के लोगों ने केवल आयोजन में सहभागिता ही नहीं की, बल्कि परिवार की तरह विवाह की जिम्मेदारियों को भी साझा किया। इससे सामाजिक समरसता, सहयोग और अपनत्व की भावना को मजबूती मिली। नगर सहित आसपास के गांवों में इसकी खूब प्रशंसा हो रही है।
