सक्ती

अकवान चक्रवात से फसल क्षति होने पर 72 घंटे के भीतर दें सूचना: कृषि विभाग

सक्ती – अकवान चक्रवात के संभावित प्रभाव से होने वाली असामयिक वर्षा और फसलों को पहुंचने वाले नुकसान की आशंका को देखते हुए सक्ती जिले के कृषि विभाग ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। उपसंचालक कृषि ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतें और यदि चक्रवात के कारण फसल को किसी भी प्रकार की क्षति होती है, तो प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत निर्धारित समय-सीमा के भीतर इसकी सूचना अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं।
टोल-फ्री नंबर 14447 पर दर्ज कराएं शिकायत
कृषि विभाग द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, यदि चक्रवात के कारण किसी किसान की अधिसूचित फसल को नुकसान पहुंचता है, तो उन्हें क्षति होने के 72 घंटे के भीतर संबंधित बीमा कंपनी के टोल-फ्री नंबर 14447 (कृषि रक्षक पोर्टल) पर सूचना देनी होगी। समय पर सूचना न देने की स्थिति में बीमा दावा प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
सूचना देते समय ये जानकारियां देना अनिवार्य
टोल-फ्री नंबर पर फसल नुकसान की सूचना दर्ज कराते समय किसानों को निम्नलिखित विवरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने होंगे:
• किसान का पूरा नाम और मोबाइल नंबर
• ग्राम, विकासखंड, तहसील एवं जिले का नाम
• भूमि का खसरा नंबर और प्रभावित फसल का नाम
• फसल बीमा पॉलिसी नंबर और नुकसान का संक्षिप्त विवरण
10 दिनों के भीतर होगा फसलों का सर्वेक्षण
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों से सूचना प्राप्त होने के बाद संबंधित बीमा कंपनी की टीम द्वारा 10 दिवस के भीतर प्रभावित खेतों का सर्वेक्षण किया जाएगा और सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को नियमानुसार फसल बीमा दावा राशि के भुगतान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कृषि विभाग ने सभी किसान भाइयों से इस निर्देश का गंभीरता से पालन करने की अपील की है ताकि आपदा की स्थिति में उन्हें समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।