सक्ती

घर से लापता हुई विवाहिता, पति ने अज्ञात व्यक्ति पर जताया भगा ले जाने का संदेह; पुलिस ने दर्ज किया मामला

सक्ती –  सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र से एक विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम मालखरौदा निवासी प्रार्थी भरत लाल कुर्रे (पेंटर) ने थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपनी पत्नी सुनीता बाई कुर्रे, मां और तीन बच्चों (दो बेटियां और एक बेटा) के साथ रहता है। बीते गुरुवार, 19 नवंबर 2026 की सुबह वह पेंटिंग का काम करने के लिए पलगड़ा गया हुआ था।
शाम उसकी बड़ी बेटी अर्चना ने फोन कर सूचना दी कि उसकी मां सुनीता बाई सुबह से बिना किसी को कुछ बताए घर से कहीं चली गई है। सूचना मिलते ही भरत लाल घर लौटा और गांव तथा रिश्तेदारों के यहां पत्नी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
जरूरी दस्तावेज भी साथ ले गई महिला
प्रार्थी के अनुसार, लापता होने के समय उसकी पत्नी अपने साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक की पासबुक भी ले गई है। पति ने आशंका जताई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी पत्नी को गुप्त रूप से अपने साथ ले गया है।
लापता महिला का हुलिया:
• नाम: सुनीता बाई कुर्रे
• कद व रंग: 4 फीट 5 इंच, गोरा रंग, लंबा चेहरा
• पहनावा: पीले रंग की साड़ी और ब्लाउज
• अन्य पहचान: काले बाल, काली आंखें, कक्षा 9वीं तक शिक्षित, हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है।
मालखरौदा पुलिस ने शनिवार (21 नवंबर 2026) को मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और महिला की पतासाजी में जुट गई है।