सक्ती

12 दिसंबर को सक्ती में लगेगी नेशनल लोक अदालत, तैयारी को लेकर थाना प्रभारियों व अधिकारियों की हुई बैठक

12 दिसंबर को सक्ती में लगेगी नेशनल लोक अदालत, तैयारी को लेकर थाना प्रभारियों व अधिकारियों की हुई बैठक kshititech

सक्ती –  जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जांजगीर-चांपा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर आज दोपहर 2:00 बजे न्यायालय परिसर स्थित तालुका विधिक सेवा समिति कार्यालय, सक्ती में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष (तालुका विधिक सेवा समिति, सक्ती) श्रीमती लीना अग्रवाल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री शुभदा गोयल तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट कु. अंकिता विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान जिले के सक्ती, बाराद्वार, डभरा, जैजैपुर, मालखरौदा और चंद्रपुर के थाना प्रभारियों सहित यातायात शाखा सक्ती व आबकारी वृत्त (सक्ती, डभरा, मालखरौदा एवं जैजैपुर) के प्रभारियों ने हिस्सा लिया।
राजीनामा योग्य मामलों के त्वरित निराकरण पर जोर
बैठक के दौरान माननीय न्यायाधीशगण ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र के थाना स्तर पर प्राप्त छोटे अपराधों एवं राजीनामा योग्य प्रकरणों को प्राथमिकता से चिह्नित करें, ताकि नेशनल लोक अदालत में आपसी सुलह के माध्यम से अधिकाधिक मामलों का निराकरण किया जा सके। इसके अतिरिक्त बैठक में निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत परिचर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए:
• पक्षकारों को समय पर नोटिस की तामील सुनिश्चित करना।
• लंबित खात्मा और खारिजी के प्रकरणों का निपटारा।
• गिरफ्तारी से संबंधित कानूनी अधिकारों का पालन।
• ‘बचपन बचाओ अभियान’ के तहत बच्चों के अधिकारों का संरक्षण।
लोक अदालत के लाभ और आमजन से अपील
तालुका विधिक सेवा समिति द्वारा बताया गया कि लोक अदालत में प्रकरणों का निराकरण दोनों पक्षों की आपसी सहमति से होता है। इसमें किसी भी प्रकार का न्यायालय शुल्क (कोर्ट फीस) नहीं लगता है, जिससे पक्षकारों के समय और धन दोनों की बचत होती है। साथ ही, लोक अदालत के फैसले अंतिम होते हैं और इनके विरुद्ध कहीं अपील नहीं की जा सकती। समिति ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने लंबित एवं राजीनामा योग्य मामलों के स्थायी समाधान के लिए 12 दिसंबर 2026 को आयोजित नेशनल लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।