सामाजिक फैसले को लेकर विवाद: कलार समाज के क्षेत्रीय अध्यक्ष से मारपीट व जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज

सक्ती – सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम हरदी में सामाजिक फैसलों को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति द्वारा कलार समाज के क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ गाली-गलौच और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम डिक्सी निवासी और कलार समाज के वर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष हुलास राम जायसवाल (60 वर्ष) ने सक्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को वे अपनी मोटरसाइकिल से ग्राम सिरली में अपनी रिश्ते की बहन के दसकर्म कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। दोपहर जब वे कार्यक्रम से वापस अपने घर ग्राम डिक्सी लौट रहे थे, तभी मेन रोड हरदी स्थित साहूराम मोबाइल दुकान के पास ग्राम बाजार चौक हरदी निवासी ओम प्रकाश उर्फ संतोष जायसवाल (50 वर्ष) ने उन्हें रोक लिया।
गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी
आरोप है कि ओम प्रकाश जायसवाल ने हुलास राम से कहा कि “तू बड़ा सामाजिक फैसला करने वाला बनता है” और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने हाथ-मुक्कों से उन पर चार-पांच बार हमला कर दिया, जिससे उनके कान में गंभीर दर्द होने लगा। पीड़ित किसी तरह अपनी मोटरसाइकिल चालू कर वहां से भाग निकले और अपनी जान बचाई। घटना के बाद उन्होंने फोन के माध्यम से अपने परिचितों (सोमनाथ जायसवाल और बेदी जायसवाल) को इसकी जानकारी दी।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित के लिखित आवेदन पर सक्ती पुलिस ने 16 नवंबर की रात एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी ओम प्रकाश जायसवाल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 296 (अश्लील कृत्य और गाली-गलौच) और 351(3) (जान से मारने की धमकी देना) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामले की जांच निरीक्षक लखन लाल पटेल द्वारा की जा रही है।
