सक्ती

मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के संबंध में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित

सक्ती – भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार जिले में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के संदर्भ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत एकीकृत मतदाता सूची (निर्वाचक नामावली) का प्रारूप प्रकाशन किया गया। इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक ली।
     बैठक में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को जानकारी दी गई कि मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के पश्चात पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01.01.2027 के संदर्भ में मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन प्रारूप-5 में जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 35-सक्ती के सभी 274 मतदान केन्द्र, 36-चन्द्रपुर के सभी 301 मतदान केन्द्र एवं 37-जैजैपुर के सभी 316 मतदान केन्द्रों में कर लिया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार प्रारंभिक प्रकाशन के दौरान विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 35-सक्ती में पुरुष-106699, महिला-103688, कुल 210387 मतदाता, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 36-चन्द्रपुर में पुरुष-113118, महिला-111685, कुल 224803 मतदाता एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 37-जैजैपुर में पुरुष-127336, महिला-122164, कुल 249500 मतदाता शामिल हैं। राजनैतिक दलों की बैठक में प्रतिनिधियों को फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई तथा फोटोयुक्त मतदाता सूची की एक प्रति मुद्रित प्रतियों एवं फोटो सहित सॉफ्टकॉपी उपलब्ध कराई गई।
    बैठक में राजनीतिक दलों से श्रीमती रश्मि गबेल, प्रमोद गबेल, फणीश साहू, श्यामकुमार केंवट, नारायण गबेल, संतोष कुमार सोनी, दिलेश्वर यादव, विजय कुमार मौर्य सहित निर्वाचन कार्यालय के सहायक प्रोग्रामर श्रवण गबेल एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

इस प्रकार जांचें मतदाता सूची में अपना नाम

       सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। मतदाता ऑनलाइन माध्यम से वोटर हेल्पलाइन मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना नाम देख सकते हैं। इसके अलावा ऑफलाइन माध्यम से अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की मुख्य तिथियां

      विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया गया है। दावा एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर 2026 निर्धारित है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।