तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर: अनियंत्रित होकर किराना दुकान और बजरंग बली मंदिर को मारी ठोकर, चालक के खिलाफ मामला दर्ज

सक्ती – डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़ासागर में एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने मुख्य मार्ग पर स्थित एक गल्ला किराना दुकान और बजरंग बली के मंदिर को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दुकान का अगला हिस्सा और मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बोड़ासागर निवासी राधेश्याम दर्शन (64 वर्ष) अपने परिवार के साथ रहते हैं और कृषि कार्य करते हैं। 11 नवंबर 2026 की रात वे खाना खाकर अपने घर में आराम कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही यवीन दर्शन ने घर आकर उन्हें सूचना दी कि मुख्य मार्ग पर स्थित उनकी गल्ला किराना दुकान और बाहर बने बजरंग बली मंदिर को एक ट्रेलर ने ठोकर मार दी है।
लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का आरोप
सूचना मिलते ही राधेश्याम मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि ट्रेलर क्रमांक CG 11 BK 2909 के चालक ने वाहन को अत्यधिक तेज, लापरवाही और खतरनाक तरीके से चलाते हुए दुकान के सामने के कमरे और मंदिर को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की लिखित शिकायत चौकी फगुरम में की गई थी, जिसके आधार पर 12 नवंबर 2026 को डभरा थाने में अपराध क्रमांक 0453/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने ट्रेलर चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 324(4) और मोटरयान अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। मामले की विवेचना उप-निरीक्षक अनवर अली द्वारा की जा रही है।
