दिवाली के बाद फिर सजा ‘काट पत्ती’ का बाजार, नरियरा में बड़े फड़ की चर्चा; हसौद पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

पूर्व में सक्ती साइबर टीम की कार्रवाई ने खोली थी स्थानीय सूचना तंत्र की पोल
छोटे जुआरियों पर सख्ती और बड़े संचालकों पर चुप्पी से सांठगांठ के लग रहे आरोप, एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
सक्ती – जिले के हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत अवैध जुए का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिवाली पर्व के बाद एक बार फिर क्षेत्र के ग्राम नरियरा में ‘काट पत्ती’ जुए का बड़ा फड़ संचालित होने की चर्चाएं जोरों पर हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस ठिकाने पर ताश के पत्तों पर लाखों रुपये के दांव लगाए जा रहे हैं, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ पड़ोसी जिलों के जुआरी भी शामिल होने पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद हसौद पुलिस की निष्क्रियता को लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं।
साइबर टीम की कार्रवाई से उजागर हुई थी स्थानीय पुलिस की सुस्ती
इस पूरे मामले का सबसे अहम पहलू यह है कि पूर्व में भी हसौद थाना क्षेत्र में चल रहे बड़े जुए के फड़ पर स्थानीय पुलिस के बजाय सक्ती की साइबर टीम ने दबिश देकर कार्रवाई की थी। उस कार्रवाई ने हसौद पुलिस की गश्त, निगरानी और मुखबिर तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। क्षेत्रवासियों के बीच यह चर्चा आम है कि जब थाना क्षेत्र में संचालित अवैध गतिविधियों की भनक जिला मुख्यालय की साइबर टीम को लग सकती है, तो स्थानीय थाना पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिल पाती।
छोटी मछलियों पर कार्रवाई, बड़े संचालकों को अभयदान?
स्थानीय स्तर पर यह आरोप भी लग रहे हैं कि थाना पुलिस केवल छोटे-मोटे जुआरियों पर कार्रवाई कर कागजी खानापूर्ति करती है और अपनी सक्रियता दिखाती है। वहीं, पर्दे के पीछे से बड़े स्तर पर फड़ का संचालन करने वाले मुख्य सरगनाओं पर हाथ डालने में पुलिस की तत्परता नजर नहीं आती। ग्राम नरियरा में दोबारा फड़ सजने की खबरों ने पुलिस की इस दोहरी कार्यशैली पर संदेह को और गहरा कर दिया है।
सांठगांठ के आरोपों से घिरी पुलिस, एसपी से हस्तक्षेप की मांग
क्षेत्र में इस बात की भी चर्चा है कि कथित जुआ संचालकों में पुलिस कार्रवाई का कोई खौफ नहीं है। दबी जुबान में स्थानीय पुलिस और जुआ संचालकों के बीच कथित सांठगांठ की बातें भी कही जा रही हैं। हालांकि, इन आरोपों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार उठ रही उंगलियों के कारण पुलिस की छवि धूमिल हो रही है। अब क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक सक्ती से इस मामले में सीधा हस्तक्षेप करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्थानीय थाना स्तर से अलग किसी विशेष टीम से मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जुए के मुख्य संचालकों की पहचान कर उन पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र का माहौल खराब होने से बच सके।
