सक्ती

जिला पंचायत सीईओ वासु जैन ने धान खरीदी केंद्र ठठारी का किया औचक निरीक्षण

15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश

सक्ती – जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन ने आज जिले के धान खरीदी केंद्र ठठारी का औचक निरीक्षण कर खरीदी की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बारदाने, बायोमेट्रिक डिवाइस, कंप्यूटर, इंटरनेट, सीसीटीवी कैमरे, धान की गुणवत्ता जांच, पेयजल, शौचालय एवं किसानों के लिए अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी केंद्रों में आवश्यक कर्मचारियों एवं हमालों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। श्री वासु जैन ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से प्रारंभ होगी। इसे ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करें, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा खरीदी कार्य सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।