कात्रेनगर चांपा में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का भव्य भूमि पूजन संपन्न

श्री सिद्धिविनायक मंदिर के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में होगा आयोजन, पूज्य राजेंद्र शर्मा जी महाराज के सान्निध्य में हुआ वैदिक अनुष्ठान






सक्ती – स्थानीय भारतीय कुष्ठ निवारक संघ, कात्रेनगर स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर के रजत जयंती वर्ष के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले आगामी ‘श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव’ का भूमि पूजन आज पूर्ण विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। संघ परिसर स्थित कथा स्थल पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया है।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई पूजा-अर्चना
भूमि पूजन का यह पावन अनुष्ठान सुप्रसिद्ध श्रीमद्भागवत कथा वाचक पूज्य राजेंद्र शर्मा महाराज (टेमर वाले) के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ। विद्वान आचार्यों द्वारा किए गए वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ यजमानों ने धरती माता का पूजन किया। इस दौरान समस्त उपस्थित जनों ने आगामी कथा महोत्सव के सफल, भव्य और निर्विघ्न आयोजन के लिए ईश्वर से मंगलकामना की।
गणमान्य जनों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस मांगलिक अवसर पर संस्था के प्रमुख सुधीर देव, अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण सोनी, तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छत्तीसगढ़ प्रांत कार्यवाह चन्द्रशेखर देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संघ के वरिष्ठ प्रचारक द्वय, संस्था के प्रमुख कार्यकर्ता लोमस राम साहू, शिवशंकर सिदार सहित बड़ी संख्या में अंतःवासी भाई-बहन और भारतीय कुष्ठ निवारक संघ के समस्त हितचिंतक व कार्यकर्तागण सम्मिलित हुए।
संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर के रजत जयंती वर्ष को स्मरणीय बनाने के उद्देश्य से इस ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां भूमि पूजन के साथ ही प्रारंभ हो गई हैं।
